बलरामपुर। परिषदीय व मान्यता प्राप्त विद्यालयों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 31 अक्तूबर से शुरू होगी। इसके साथ ही वार्षिक परीक्षाएं 11 मार्च से कराए जाने का कार्यक्रम भी तय हो गया है। कक्षा- एक से आठ तक की परीक्षाएं तय समय पर कराने का निर्देश दिया गया है। यह जानकारी बीएसए कल्पना देवी ने दी।
उन्होंने बताया कि सभी परिषदीय स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर प्रधानाध्यापक की देखरेख में 31 अक्तूबर से 10 नवंबर तक होंगी। इसका विषयवार कार्यक्रम भी जारी होगा। इसी तरह वार्षिक परीक्षा के लिए 26 फरवरी तक समय सारिणी व निर्देश जारी होंगे। प्रश्नपत्र चार मार्च तक छपवाकर आठ मार्च तक स्कूलों में पहुंचाने होंगे। वार्षिक परीक्षाएं 11 से 15 मार्च के बीच होंगी। कॉपियों का मूल्यांकन 20 मार्च तक करके 26 मार्च को परीक्षाफल व विद्यार्थियों की प्रगति रिपोर्ट कार्ड जारी करना होगा।
बताया कि वार्षिक परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। परीक्षा 50 नंबर की होगी। मौखिक परीक्षा की प्रश्नोत्तरी विद्यालय स्तर पर प्रधानाध्यापक की देखरेख में तैयार होगी। फिलहाल अचानक अर्धवार्षिक परीक्षा तय किए जाने से शिक्षक पशोपेश में हैं। 30 को स्कूल खुलेंगे और 31 से ही परीक्षा कैसे कराई जाएगी। इसकी तैयारी भी एक दिन में पूरी करना किसी चुनौती से कम नहीं है।