बलरामपुर। शरीर को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए शहरी युवाओं की तरह अब ग्रामीणों में भी जिम का क्रेज बढ़ रहा है। इसके मद्देनजर युवा कल्याण विभाग ने सक्षम युवा प्रोजेक्ट के तहत जिले की सभी 800 ग्राम पंचायतों में खेल मैदान का निर्माण कराने के साथ ही जिम बनवाने का निर्णय लिया है। जिन ग्राम पंचायतों में खेल मैदान पहले से हैं, वहां सुविधाओं को और बढ़ाया जाएगा। इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है।
ग्राम पंचायत स्तर पर खेल मैदान के लिए आरक्षित भूमि की स्थिति खंगाली जा रही है। खेल मैदान में चहारदीवारी व समतलीकरण व विभिन्न कोर्ट का निर्माण ग्राम्य विकास विभाग मनरेगा से कराएगा। यहां पंचायतीराज विभाग बालक-बालिकाओं के लिए शौचालय का निर्माण स्वच्छ भारत मिशन से कराएगा।
खेल मैदान में सोलर लाइटें भी लगवाई जाएंगी। ये जिम्मेदारी अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग को दी गई है। स्थायी उपकरणों की व्यवस्था पंचायतीराज विभाग करेगा। जबकि व ग्राम पंचायत निधि से हैंडपंप लगवाए जाएंगे। इसके साथ ही ओपेन जिम की स्थापना कराकर खेल मैदानों के संचालन की जिम्मेदारी मंगल दल को दी गई है। यही नहीं, खेल मैदान की जीआईएस मैपिंग कराकर जिओ टैगिंग भी कराई जाएगी।
जरवा के रवि का कहना है कि ये योजना अच्छी है। इससे ग्रामीण इलाकों के युवा भी शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए जिम में कसरत कर सकेंगे। पचपेड़वा के महेश का कहना है कि इससे युवाओं की सेहत सुधरेगी। राजकुमार का कहना है कि ये एक अच्छी पहल है। इससे ग्रामीण इलाकों के युवा नियमित व्यायाम के साथ ही खेलों में भी परचम लहराएंगे।
जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जिले की सभी 800 ग्राम पंचायतों में खेल मैदान का निर्माण व ओपेन जिम की स्थापना कराई जानी है। इसके लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी के स्तर से संबंधित विभागों के अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। इनसे खेल मैदान की स्थिति के साथ ही अन्य बिंदुओं पर जानकारी मांगी गई है।