फोटो-2-बलरामपुर के सिविल लाइन में स्थित रोडवेज बस स्टेशन।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। यात्रियों को अब गोरखपुर तक जाने के लिए कोई समस्या नहीं होगी। इसके लिए रोडवेज प्रशासन ने गोरखपुर तक रोडवेज बसों को चलाने की योजना बनाई है। बसों की डिमांड भेज दी गई है। आवंटन होते ही इस रूट पर बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। वहीं बस स्टेशन का नाम भी बदला जाएगा।
अभी तक बलरामपुर से गोरखपुर के लिए बसें नहीं चलाई जा रही हैं। ऐसे में गोरखपुर आने-जाने के लिए यात्रियों को केवल रेल सेवा पर ही निर्भर होना पड़ रहा है। कई बार यात्रियों को समय से ट्रेनें भी नहीं मिलती हैं, खासकर सर्दियों के मौसम में। जिससे उनकी यात्रा प्रभावित होती है और उन्हें तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसका संज्ञान लेते हुए अब रोडवेज प्रशासन ने बलरामपुर से गोरखपुर तक रोडवेज बसों को चलाने की तैयारी की है। इस रूट पर दो बसों का संचालन किया जाएगा।
रोडवेज के एआरएम वीके वर्मा ने बताया कि चार बसों की डिमांड भेजी गई है। बसों के आते ही दो को गोरखपुर व दो को रूपईडीहा रूट पर चलाया जाएगा। जनवरी तक बसें के मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि रोडवेज बस स्टेशन का नाम बदलकर शहीद वीर विनय के नाम पर करने का प्रस्ताव भी डीएम को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।