बलरामपुर के राजकीय बालिका इंटर कालेज उतरौला में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद बेटियां।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। जिला प्रोबेशन विभाग की तरफ से शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज उतरौला में जागरूकता कार्यक्रम कराया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी/जिला समाज कल्याण अधिकारी एमपी सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बालिकाओं को जागरूक करने के लिए कवच कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया है। जिले भर में कार्यक्रम का आयोजन कर बेटियों को बाल विवाह जैसी कुरीतियों के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महिला कल्याण विभाग की तरफ से महिलाओं के लिए तमाम कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। बाल विवाह, कन्या भ्रूण हत्या, यौन शोषण, गुड टच व बैड टच और अन्य सामाजिक कुरीतियां बेटियों व महिलाओं को आगे बढ़ने में सबसे बड़ी बाधा है।
उन्होंने कहा कि बलरामपुर जनपद में बाल विवाह सबसे अधिक हो रहे हैं। बाल विवाह से बेटियों का बचपन छिना जा रहा है। कोई भी अभिभावक बेटियों के बचपन को न छीने। वूमेन पावर लाइन, 1090, यूपी 100, 1098 व 181 आदि हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करके बाल विवाह व अन्य समस्याओं का समाधान आसानी से कराया जा सकता है।