बलरामपुर। रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के गजपुर ग्रंट के मजरा बनकटवा गांव की एक युवती नदी में डूब गई। 24 घंटे बाद ककरघटा गांव के पास उसका शव उतराता मिला। शव का पंचनामा कराकर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
हुसैनाबाद चौकी प्रभारी उमेश वाजपेयी ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के गजपुर ग्रंट के मजरा बनकटवा निवासी मेहीलाल की बेटी मालती (20) कलश विसर्जन करने कोआनो नदी के चोरघटा गांव गई थी। कलश विसर्जन के दौरान पैर फिसलने से मालती गहरे पानी में जाकर डूब गई।
साथ मौजूद महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण वहां पहुंचे और गोताखोरों का बुलवाकर मालती की नदी में तलाश शुरू कराई। मगर रात हो जाने के कारण उसका कुछ पता न चल सका।
दूसरे दिन मालती का शव सादुल्लाहनगर थाना क्षेत्र में ककरघटा गांव के पास कोआनो नदी में उताराता मिला। रेहरा बाजार इंस्पेक्टर विनोद अग्निहोत्री ने बताया कि शव का पंचनामा कराकर परिवारीजनों को सौंप दिया गया है।