बलरामपुर। कोतवाली नगर क्षेत्र के भगवतीगंज में उतरौला मार्ग पर पंजाब नेशनल बैंक के पास रविवार की दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने बालिका को रौंद दिया। इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
कोतवाली देहात क्षेत्र के अचानकपुर गांव निवासी आशीष की बेटी कनक रविवार को भगवतीगंज आई हुई थी। दोपहर में सड़क पार करते समय उतरौला की तरफ से आ रही ट्रक ने उसे रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल बालिका को परिजन इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक विमलेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। (संवाद)