बलरामपुर। वकीलों के न्यायिक कार्य बहिष्कार के कारण मंगलवार को पूर्व सांसद रिजवान जहीर पर लगे गैंगस्टर मुकदमे की सुनवाई नहीं हो सकी। एमपी-एमएलए कोर्ट में अब मामले की सुनवाई सात मार्च को होगी। अपर सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार तृतीय एमपी-एमएलए कोर्ट में मुकदमे की सुनवाई करेंगे।
तुलसीपुर थाने के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने 21 जुलाई 2024 को पूर्व सांसद रिजवान जहीर पर गैंगस्टर एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की थी। विवेचना के बाद पुलिस ने 30 जुलाई 2025 को आरोप पत्र एमपी-एमएलए कोर्ट में प्रस्तुत किया था। तबसे एमपी-एमएलए कोर्ट में इस मुकदमे की सुनवाई की जा रही है।
वकीलों के न्यायिक कार्य बहिष्कार के चलते मंगलवार को इस मुकदमे की सुनवाई नहीं हो सकी। ऐसे में अब सात मार्च को इस प्रकरण की सुनवाई की जाएगी। फिलहाल गैंगस्टर मामले में रिजवान जहीर को जमानत मिल चुकी है।