फोटो-6/7-बलरामपुर के गैसड़ी बाजार को नगर पंचायत का दर्जा मिलने पर एक-दूूसरे को मिठाई खिलाते बाजारवा
- फोटो : BALRAMPUR
गैसड़ी(बलरामपुर)। करीब एक दशक के संघर्ष के बाद गैसड़ी बाजार को आखिर नगर पंचायत का दर्जा मिल ही गया। प्रदेश सरकार ने इस प्रस्ताव को गत मंगलवार को मंजूरी दे दी। नगर पंचायत का दर्जा मिलने पर बाजार वासियों ने खुशी जताते हुए एक-दूूसरे का मुंह मीठा कराया।
गैसड़ी बाजार को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए ग्रामीण जन कल्याण सेवा समिति ने करीब एक दशक पूर्व अध्यक्ष अब्दुल अजीज के नेतृत्व में आंदोलन शुरू किया था। स्थानीय बाजार के व्यापार मंडल ने भी कई बार सरकार से बाजार को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग की थी। वर्ष 2017 में भाजपा विधायक बने शैलेश कुमार सिंह शैलू ने गैसड़ी बाजार को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए मुख्यमंत्री व नगर विकास मंत्री को कई बार पत्र लिखा। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व नगर विकास विभाग ने इस संबंध में गजट भी जारी किया था।
गजट के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया था। पूर्व विधायक ने बताया कि 11 जुलाई को उन्होंने मुख्यमंत्री को एक बार फिर पत्र लिखकर बाजार को नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग की थी। अंतत: सबकी मेहनत रंग लाई और यूपी सरकार की कैबिनेट ने मंगलवार को इस बाजार को नगर पंचायत गठन की मंजूरी दे दी। बाजार को नगर पंचायत का दर्जा मिलते ही बाजारवासी खुशी से झूम उठे।
एक-दूसरे को मिठाई खिलाते हुए व्यापारी परमजीत सिंह पम्मी, मोहम्मद सलीम, कपिल जायसवाल, प्रिंस वर्मा, एहतेशाम, नंद किशोर, रीता देवी, सरोज चौरसिया, दिलीप सोनी व चंद्रशेखर शर्मा ने कहा कि नगर पंचायत बनने से बाजार में मूलभूत सुविधाओं का विकास होगा। लोगों को बेहतर सफाई, जलनिकासी, सड़क व स्वास्थ्य आदि की अच्छी सुविधा भी मिलेगी। (संवाद)