बलरामपुर। गदर - टू फिल्म के हथौड़े का क्रेज इस बार होली में भी धूम मचा रहा है। गदर ब्राड हथौड़ा पिचकारी की मांग बाजार में बच्चों की पहली पसंद बनी है। होली पर इस हथौड़ा पिचकारी के चलने से गुलाल की बारिश होगी। इसके साथ ही रंगों से आंखों को बचाने के लिए गांधी ब्रांड चश्मा, गुलाल बम व सिलिंडर के साथ ही तरह-तरह के मुखौटे व टोपियों से भी होली का बाजार गुलजार दिख रहा है।
होली के त्योहार की उल्टी गिनती शुरू होने के साथ ही बाजार पर भी त्योहार का सुरूर छाने लगा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में सजे बाजारों में रंग-गुलाल के साथ ही हथौड़ा, बेलन और मछली के अलावा कई स्वरूपों में आई अलग अलग तरह की पिचकारी के साथ अबीर गुलाल के साथ ही गुलाबी, लाल, हरे व बैगनी रंगों की तमाम वैराइटी बच्चों के साथ ही युवाओं को लुभा रही है। हर्बल गुलाल की मांग बाजारों में खास तौर पर देखी जा रही है।
24 मार्च को होने वाले होलिका दहन के बाद 25 मार्च को रंग खेला जाएगा। कारोबारी राजू व पिंटू ने बताया कि इसके लिए होली का बाजार ग्राहकों के इंतजार में पूरी तरह सज चुका है। महीने के अंत त्योहार पड़ने के बावजूद लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस बार होली पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है। बताया कि बाजार में इस बार 50 रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक कीमत की पिचकारी, 10 से लेकर 500 रुपये तक की टोपियां व मुखौटों की बिक्री जोर पकड़े है।
होली पर बच्चों के रंग-गुलाल की मस्ती में डूबने के लिए बाजार में इस बार सबसे अधिक मांग फायर सिलिंडर और हवा भरने वाले टैंक के रूप में आए गुलाल टैंक की है। फायर के सिलेंडर से गैस नहीं कई तरह का रंग और गुलाल निकलता है जबकि टैंक भी रंग बिरंगा गुलाल बरसाता है। रंग फेंकने वाले सिलिंडर की कीमत 500 से लेकर दो हजार रुपये व टैंक की कीमत पांच से लेकर सात सौ रुपये तक है।