बलरामपुर। डिजिटल इंडिया की चौथी वर्षगांठ पर सोमवार को जिले के सभी कॉमन सर्विस सेंटरों पर केक काटकर खुशी मनाई गई। श्रीदत्तगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत खरदौरी में संचालित कॉमन सर्विस सेंटर पर आयोजित कार्यक्रम में बीडीओ अशोक कुमार दूबे ने केक काटकर अफसरों व कर्मियों को खिलाया।
बीडीओ ने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर से मिलने वाली सुविधाओं से लोगों को लाभ मिल रहा है। कॉमन सर्विस सेंटर के जिला प्रबंधक लोकेश प्रताप यादव ने कहा कि डिजिटल इंडिया से लोगों का जीवन आसान हुआ है।
कॉमन सर्विस सेंटर से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आयुष्मान भारत कार्ड, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के कार्ड आसानी से प्राप्त किए जा सकते है। श्रीदत्तगंज ब्लॉक के वाईफाई चौपाल के इंजीनियर विनय कुमार यादव, मोहम्मद हम्माद, राजा आदि ने डिजिटल इंडिया के बारे में व्यापक प्रकाश डाला।