उतरौला में मेडिकल स्टोर की जांच करते औषधि निरीक्षक।-स्रोत: विभाग
- फोटो : अमर उजाला/संवाद
बलरामपुर। उतरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आसपास संचालित चार मेडिकल स्टोरों पर बृहस्पतिवार को औषधि निरीक्षक की टीम ने छापा मारा। चारों स्टोरों से सात दवाओं के नमूने एकत्र किए गए। दवाओं को जांच के लिए लैब भेजा गया है। गड़बड़ी मिलने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन की तरफ से दवाओं की आपूर्ति व बिक्री को लेकर अभियान शुरू कर दिया गया है। औषधि निरीक्षक सुमित वर्मा की अगुवाई में उतरौला सीएचसी के पास स्थित श्रीराम फार्मा, नवभारत मेडिकल स्टोर, राईन मेडिकल एजेंसी और एचबी हेल्थ केयर की जांच की गई। जांच के दौरान गड़बड़ी मिलने पर सात दवाओं के नमूने एकत्र किए गए। मेडिकल स्टोर पर दवा खरीद-बिक्री के बिलिंग रसीद भी नहीं मिली। मेडिकल स्टोर संचालकों को दवाओं के खरीद-बिक्री रजिस्टर अपडेट करने व ग्राहकों को पक्की रसीद देने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। ड्रग लाइसेंसिंग प्राधिकरण देवीपाटन मंडल के निर्देश पर मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस भेजा जाएगा। दवाओं की रिपोर्ट व नोटिस के जवाब के आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।