बलरामपुर। कोरोना संक्रमण की रफ्तार दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को जिले के लेवल-2 हॉस्पिटल में भर्ती चार कोरोना मरीजों की मौत हो गई है। जिले में 115 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। पॉजिटिव पाए गए व्यक्तियों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। सभी लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरु कर दी गई है।
सीएमओ डा. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि बलरामपुर नगर के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी राधाकृष्ण गोपाल सिंह (85) को सांस की शिकायत पर 29 अप्रैल को जिला संयुक्त चिकित्सालय के लेवल-2 हास्पिटल में भर्ती किया गया था।
जहां इलाज के दौरान 30 अप्रैल को उनकी मौत हो गई। एसएसबी 50वीं वाहिनी के विजय पाल(65) को बुखार व खांसी की शिकायत होने पर जिला संयुक्त चिकित्सालय में 29 अप्रैल को कोविड जांच की गई थी।
रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर उन्हें लेवल-2 हास्पिटल में भर्ती किया गया था जहां इलाज के दौरान उसी दिन उनकी मौत हो गई। तुलसीपुर निवासिनी कमरुन्निशा (58) की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव होने पर 29 अप्रैल को लेवल-2 हास्पिटल में भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान 30 अप्रैल को उनकी मौत हो गई। इसी तरह बलरामपुर नगर के मोहल्ला पुरैनिया तालाब निवासी गोविंद मोहन (70) को बुखार व खांसी की शिकायत पर 29 अप्रैल को जिला संयुक्त चिकित्सालय लाया गया था।
कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर उन्हें लेवल-2 हास्पिटल में भर्ती किया गया था। 30 अप्रैल को उनकी मौत हो गई। जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले में शुक्रवार को आई कोरोना रिपोर्ट में 115 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
पॉजिटिव पाए गए लोंगों में सबसे अधिक एसएसबी कैंप बलरामपुर के 9 एवं धुसाह बलरामपुर के 6 व्यक्ति शामिल हैं। इसके अतिरिक्त बलरामपुर नगर, बलरामपुर ग्रामीण, तुलसीपुर, गैसड़ी, पचपेड़वा, हरैया सतघरवा, उतरौला, गैड़ास बुजुर्ग व रेहरा बाजार ब्लाक के गांवों में भी तमाम लोग पॉजिटिव मिले हैं।
पॉजिटिव पाए गए लोगों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इन लोगों की निगरानी स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार की जा रही है। पॉजिटिव पाए गए लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरू कर दी गई है।
इन लोगों के संपर्क में आए लोगों का सैंपल भी जांच के लिए भेजा जाएगा। जिले में कुल पॉजिटिव केस की संख्या 5010 हो गई है। 3445 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 68 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना के एक्टिव केस 1497 हैं।
कोरोना संक्रमण के बढ़ती हुई संख्या के बीच शुक्रवार को जिले के लिए बड़ी राहत देखने को मिली। जिले में इस दिन जहां 115 नए लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं वहीं 124 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। नए केस के मुकाबले स्वस्थ्य होने वाले मरीजों की संख्या अधिक रही। जिले में अब तक कुल 3445 लोग कोरोना से जंग जीत चुके हैं।