बलरामपुर। दिल्ली को प्रदूषण से बचाने के लिए वहां रोडवेज की बीएस-4 बसों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। एक नवंबर से वहां सिर्फ बीएस-6 बसें ही प्रवेश कर पाएंगी। इस नियम के तहत बलरामपुर डिपो की चार बसों का संचालन बंद हो जाएगा। ऐसे में यात्रियों को दिल्ली का सफर करने में परेशानी होगी।
त्योहारी सीजन शुरू होने के बाद काफी लोग दिल्ली से यहां आते हैं। ट्रेनों में जगह न मिलने से रोडवेज बस ही उनका सहारा होती है। अब दिल्ली को प्रदूषण से बचाने के लिए एक नवंबर से नया नियम लागू होने से यात्रियों को दिल्ली पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। बलरामपुर डिपो की छह बसों का संचालन दिल्ली तक होता है। इनमें चार बसें बीएस-4 वाली हैं। ऐसे में अब यह बसें दिल्ली में प्रवेश नहीं कर पाएंगी। अब सिर्फ दो बसें ही दिल्ली का सफर तय करेंगी। त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने पर दो बसें पर्याप्त नहीं होगी।
वहीं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वीके वर्मा ने बताया कि बीएस-6 बसों की मांग की गई है। नवंबर के पहले सप्ताह में चार नई बीएस-6 बस मिलने की उम्मीद है।
त्योहार को लेकर बसों की मरम्मत शुरू
त्योहार के दौरान यात्रियों को सुगम आवागमन की सुविधा देने के लिए बलरामपुर डिपो विशेष जांच अभियान चलाएगा। जर्जर बसों की मरम्मत होगी जिससे रास्ते में कोई बाधा न आए। साथ ही दुर्घटना से भी बचा जा सके। बलरामपुर डिपो से कुल 84 बसें संचालित होती हैं। इनमें 68 बसें परिवहन निगम की हैं, जबकि 14 बसें अनुबंधित हैं। डिपो की 68 बसों में से 20 बस खस्ताहाल हैं। त्योहार के दौरान इन बसों का संचालन सुचारू रूप से करने के लिए विशेष फिटनेस जांच अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बसों की सीट सिलाई, खिड़की व शीशों की मरम्मत, टायर-ट्यूब, ब्रेक, इंडीकेटर व गियर बाक्स सहित अन्य मशीनरी की जांच होगी।