बलरामपुर के महुवाधनी गांव के मजरे सुरहिया देवर में जानकारी लेते सीएमओ डॉ. सुशील कुमार।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
उतरौला (बलरामपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत महुवाधनी के मजरे सुरहिया देवर में रविवार की रात दूषित मछली व लड्डू खाने से 15 लोग बीमार हो गए। उल्टी दस्त से पीड़ित मरीजों की हालत खराब होने की सूचना मिलते ही सीएमओ डॉ. सुशील कुमार स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ सोमवार की सुबह गांव पहुंच गए। सभी पीड़ितों को एंबुलेंस से सीएचसी उतरौला पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। टीम द्वारा गांव में दवा वितरित करने के साथ ही ब्लीचिंग का छिड़काव भी कराया गया है।
सुरहिया देवर गांव में रविवार की रात दूूषित मछली व लड्डू खाने से गांव के तौहीद खान (16), मोनी जायसवाल (15), अंजनी जायसवाल (3), ईसा मौर्य (5), सानिया जायसवाल (4), राज जायसवाल (5), सोनी जायसवाल (18), रज्जाक अली (56), अमीना खातून (54), पुनीत शर्मा (17), आरती देवी (40), उर्मिला एवं हेतुल्ला (60) सहित 15 लोग बीमार हो गए। उल्टी दस्त से पीड़ित इन सभी लोगों की हालत खराब होने की सूचना ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही सीएमओ डॉ. सुशील कुमार, एसडीएम संतोष कुमार ओझा एवं सीएचसी उतरौला के अधीक्षक डॉ. चंद्र प्रकाश सिंह स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ गांव में पहुंच गए। सबसे पहले पीड़ितों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला पहुंचाया गया। सभी मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में दवा वितरित करने के साथ ही प्रमुख रास्तों एवं नालियों में ब्लीचिंग का छिड़काव किया। सीएमओ ने ग्रामीणों को बासी व दूषित भोजन न करने, स्वच्छ पेयजल का प्रयोग करने, घर के आसपास साफ-सफाई रखने, समय-समय पर हाथों को साबुन से साफ करते रहने तथा किसी भी तरह की समस्या होने पर चिकित्सक से दवा लेने का सुझाव दिया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ितों की हालत अब सामान्य है। जल्द ही सभी मरीज डिस्चार्ज कर दिए जाएंगे।