बलरामपुर। नहर बालागंज स्थित एआरटीओ कार्यालय में सोमवार को सड़क सुरक्षा पखवाड़ा की शुरुआत की गई। इसका शुभारंभ सदर विधायक पल्टूराम ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यालय में जागरूकता गोष्ठी आयोजित कर चालक व छात्रों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
सदर विधायक ने कहा कि सड़क पर निकलने व वाहन चलाने से पूर्व सभी लोगों को यातायात नियमों की संपूर्ण जानकारी होनी चाहिए। सड़क दुर्घटना पर लगाम लगाने के लिए यातायात नियमों का पालन जरूरी है। पखवाड़े में अगले 15 दिनों तक लोगों को नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने गोष्ठी में शामिल छात्र, चालक-परिचालक व स्थानीय लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई।
एआरटीओ अरविंद कुमार ने कहा कि परिवहन के साथ पुलिस व यातायात विभाग के अधिकारी चौक चौराहों पर नुक्कड़ सभा, जागरूकता गोष्ठी व जागरूकता वाहनों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा की जानकारी देंगे। इस पखवाड़े का उद्देश्य लोगों को दुर्घटना से बचने के प्रति सचेत करना है।
आरआई प्रदीप कुमार ने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए नियम व प्रक्रिया की जानकारी दी। यातायात प्रभारी हरिश्चंद्र भारती ने सड़क सुरक्षा से संबंधित नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया।
जागरूकता वाहन एआरटीओ कार्यालय से निकलकर भगवतीगंज, वीर विनय चौराहा, अंबेडकर तिराहा व मुख्य बाजार का भ्रमण कर वापस कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष बृजेंद्र तिवारी, संजय राय, रामकुमार, राजेश कुमार गुप्ता, राहुल व मनीष श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
स्कूली वाहनों की फिटनेस की जांच का निर्देश
सड़क सुरक्षा समिति व विद्यालय सुरक्षा समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे एडीएम प्रदीप कुमार ने कहा कि बच्चों को स्कूल लाने व ले जाने के लिए चलाए जा रहे वाहनों के फिटनेस की जांच सड़क सुरक्षा पखवाड़े में कराई जाए। फिटनेस होने के बाद ही स्कूल वाहनों का संचालन कराएं। एडीएम ने निजी स्कूलों में लगे वाहनों की फिटनेस की जांच कराने का निर्देश बीएसए कल्पना देवी व डीआईओएस गोविंदराम को दिया।