बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर घने कोहरे के बीच ट्रेन का इंतजार करते यात्री ।-संवाद
बलरामपुर। कोहरे का असर ट्रेनों की रफ्तार पर पड़ रहा है। बलरामपुर व झारखंडी रेलवे स्टेशनाें पर ट्रेनें देरी से पहुंच रही हैं। ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों ने रेलवे के उच्चाधिकारियों से समस्या का निराकरण कराने की मांग की है।
झारखंडी रेलवे स्टेशन पर बुधवार को ट्रेन के इंतजार में खड़े यात्री सुनील, मनोज, रमजान व राजू ने बताया कि कोहरे के कारण गोमती एक्सप्रेस 15082 डेढ़ घंटे लेट पहुंची। वहीं, बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को काफी देर तक इंटरसिटी 15069 का इंतजार करना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि कोहरे के चलते इंटरसिटी बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर करीब 34 मिनट लेट पहुंची। यह ट्रेन गोखरपुर से ऐशबाग लखनऊ तक जाती है।
झारखंडी रेलवे स्टेशन पर 15067 बांद्रा एक्सप्रेस भी करीब दो घंटे तीन मिनट देरी से पहुंची। इसी तरह पनवेल व लोक मान्य तिलक भी तय समय से स्टेशन पर देरी से पहुंचीं। बलरामपुर से होकर प्रतिदिन 20 ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। कोहरे के कारण सभी ट्रेनें बलरामपुर व झारखंडी रेलवे स्टेशनों पर देरी से पहुंच रही हैं। यात्रियों ने रेलवे के उच्चाधिकारियों से ट्रेनों की लेट-लतीफी से निजात दिलाने की मांग की है।
जल्द दूर होगी समस्या
कोहरे की समस्या से निपटने के लिए सभी ट्रेनों में फॉग लाइटें लगाई जा रही हैं। जल्द ही सभी ट्रेनों के देर से आने की समस्या दूर हो जाएगी।
-पंकज कुमार सिंह, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, एनईआर