बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बुधवार को सदर ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय बलुआ बलुई का निरीक्षण किया। उन्होंने पठन-पाठन, शैक्षिक गुणवत्ता, छात्र उपस्थिति, नवीन नामांकन, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) और विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं की स्थिति परखी। विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी सीखने की क्षमता का भी आकलन किया।
डीएम ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछे। बच्चों के जवाब के आधार पर उनके लर्निंग आउटकम की स्थिति जानी। उन्होंने शिक्षकों को प्रत्येक बच्चे की शैक्षिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कहा कि नियमित आकलन कर कमजोर बच्चों को अतिरिक्त शैक्षिक सहयोग दिया जाए। शिक्षण को रुचिकर बनाने के लिए प्रभावी गतिविधियों का इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने एमडीएम की गुणवत्ता और व्यवस्था जांची। निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने और भोजन बनाने व वितरण के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने को कहा।
डीएम ने नवीन नामांकन और छात्र उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने नामांकन के सापेक्ष नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अनुपस्थित बच्चों के अभिभावकों से संवाद कर उन्हें जागरूक करने के निर्देश दिए। विद्यालय से सटे आंगनबाड़ी केंद्र के निष्प्रयोज्य भवन का निरीक्षण कर नियमानुसार मूल्यांकन के बाद ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।