बलरामपुर। जयेष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल पर हनुमान मंदिरों में श्रद्घा का सैलाब उमड़ा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ बजरंग बली की पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।
घरों में भी श्रद्धालुओं ने बजरंगबली की पूजा की। मंगलकारी हनुमान जी की पूजा कर भक्तों ने घरों में खुशहाली तथा मानव कल्याण के लिए कोरोना महामारी की समाप्ति का आशीर्वाद मांगा। जिले के थाना, कोतवाली, बीएसए दफ्तर व अन्य स्थानों पर स्टाल लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
सनातन धर्म में ज्येष्ठ माह का विशेष महत्व माना गया है। मान्यता है कि इस माह के प्रत्येक मंगलवार को रामभक्त हनुमान जी की पूजा करने से भक्तों के सभी मनोरथ पूर्ण होते हैं। इसी मान्यता के अनुरुप ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल पर मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
नगर के वीर विनय चौराहा व रानी तालाब स्थित हनुमान मंदिर में पूरे दिन श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। रामचरित मानस पाठ के साथ श्रीराम नाम संकीर्तन एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन हुआ।
झारखंडी मंदिर स्थित हनुमान मंदिर में सुबह से लेकर देर शाम तक भक्तों की भीड़ जुटी रही। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए भक्तों ने बजरंग बली की पूजा अर्चना की।
इसी तरह तुलसीपुर स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर, देवीपाटन स्थित हनुमान मंदिर, उतरौला स्थित दुखहरण नाथ मंदिर एवं तुलसीपुर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। श्रद्धालुओं ने विधि विधान के साथ बजरंग बली की पूजा अर्चना कर परिवार की खुशहाली, बल एवं बुद्घि तथा कोरोना महामारी की समाप्ति के लिए आशीर्वाद मांगा।
पहले बड़े मंगल पर घरों में भी हनुमान भक्तों ने पूजा अर्चना कर मंगल कामना की। एसपी हेमंत कुटियाल ने बड़ा मंगल पर देहात कोतवाली में बजरंगबली की पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कराया। इस अवसर पर एएसपी अरविंद मिश्र आदि मौजूद रहे।
जिले के कोतवाली, थाना व चौकियों के सामने स्टॉल लगाकर श्रद्घालुओं को प्रसाद वितरित किए गए। बीएसए कार्यालय में बीएसए डा. रामचन्द्र ने बजरंग बली की पूजा अर्चना कर प्रसाद का वितरण किया। तुलसीपुर के वैरागीपुरवा में धर्मेन्द्र सिंह विक्की, बड़कने, हनुमान, पंकज शुक्ला व आयोजक सोनू सिंह ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
इसी तरह देवीपाटन पुलिस चौकी पर शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी ने भंडारे व प्रसाद वितरण कार्यक्रम का फीता काटकर शुभारंभ किया। भंडारे में आए श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया। नई बाजार चौक में सुखदेव चौरसिया ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
बरदौलिया बाजार स्थित भुरेश्वर नाथ मंदिर संत सेवा संस्थान की ओर से विशाल भंडारा किया गया। संस्थान प्रबंधक मंशाराम यादव, नरेंद्र बहादुर तिवारी, जय प्रकाश मिश्र, धर्मेंद्र कुमार उपाध्याय, अशोक व्यास, दिनेश कुमार तिवारी, ध्रुव मिश्र व कल्पराज यादव आदि ने भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा। थाना महराजगंज तराई में बड़ा मंगल पर स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसी तरह जिलेभर में कई स्थानों पर स्टाल लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।