सचिव, प्रधान व रोजगार सेवक पर दर्ज होगा केस
मनरेगा में फर्जी मस्टर रोल भरने पर जवाब तलब
हरैया सतघरवा ब्लॉक के ग्राम पंचायत वीरपुर का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। हरैया सतघरवा ब्लॉक में वीरपुर गांव के मनरेगा काम में फर्जी तरीके से मस्टर रोल भरा पाया गया है। एपीओ की जांच में गांव के चकमार्ग पटाई में 71 श्रमिकों की हाजिरी पाई गई, जबकि मौके पर मात्र 38 श्रमिक काम करते पाए गए हैं। मनरेगा में फर्जी मस्टर रोल भरने पर जवाब तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब न देने पर ग्राम पंचायत सचिव, प्रधान व रोजगार सेवक पर केस दर्ज कराया जाएगा।
सीडीओ संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि हरैया सतघरवा ब्लॉक में ग्राम पंचायत बैजपुर के मनेरगा में फर्जी हाजिरी भरने व मस्टर रोल जारी करने की शिकायत मिली। एपीओ ओंकार पांडेय को मौके पर शनिवार को भेजकर कार्य की जांच कराई गई। एपीओ ने जांच में पाया कि ग्राम पंचायत बैजपुर के चकमार्ग पटाई में 71 श्रमिकों की रजिस्टर पर हाजिरी भरी गई, जबकि मौके पर मात्र 38 श्रमिक ही चकमार्ग की पटाई करते पाए गए।
मनरेगा में फर्जी हाजिरी भरने व मस्टर रोल जारी करने की पुष्टि होने पर बीडीओ अनूप कुमार सिंह को केस दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। बीडीओ ने ग्राम पंचायत सचिव शिव प्रकाश मिश्र, प्रधान जाबिर खान व रोजगार सेवक बृजेश कुमार से जवाब तलब किया गया है। तीन दिन में संतोषजनक जवाब न देने पर बीडीओ ने सचिव, प्रधान व रोजगार सेवक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कराने की चेतावनी दी है।