बलरामपुर। प्रेरणा पोर्टल का ऑनलाइन अनुश्रवण करने पर पांच विद्यालय बंद मिले हैं। बीएसए कल्पना देवी ने बंद मिले स्कूलों के पूरे स्टाफ का वेतन रोक दिया है। सभी लोगों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। तीन दिन के अंदर जवाब न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। बीएसए ने बताया कि 18 से 25 अप्रैल तक अनुश्रवण में बलरामपुर शिक्षा क्षेत्र का प्राथमिक विद्यालय घूघुलपुर व पीएस रसूलपुर बंद मिला। इसी तरह श्रीदत्तगंज शिक्षा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय शिव दयालपुर व पिपरी कोल्हुई और पीएस बभनपुरवा बंद पाया गया है। स्कूल बंद होने पर इनके प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र व अन्य कर्मियों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है। सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। तीन दिन के अंदर संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।