महाराजगंज तराई (बलरामपुर)। तुलसीपुर से महराजगंज तराई बाइक से सोमवार को घर जा रहे पिता-पुत्र की सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। भिड़ंत में चार घायल हो गए। तीन की हालत गंभीर देख उन्हें रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
महराजगंज तराई बाजार निवासी मोहम्मद असहद तुलसीपुर में चूड़ी का व्यवसाय करते हैं। सोमवार की शाम वे बाइक से पिता जैनुलाब्दीन के साथ तुलसीपुर से घर जा रहे थे। शिवचरनडीह गांव के पास सामने से आ रहे दुर्गा प्रसाद पांडेय व राम कुबेर यादव की बाइक उनसे टकरा गई। घटना में चारों लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने 108 एंबुलेंस से चारों को जिला अस्पताल भिजवाया। सिर में चोट लगने के कारण जैनुलाब्दीन व राम कुबेर को लखनऊ व पैर टूटने के कारण असहद को बहराइच रेफर किया गया है। दुर्गा प्रसाद पांडेय को हल्की चोट आई है, जिनका इलाज एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। हादसे में सिर्फ असहद ही हेलमेट लगाकर बाइक चला रहा था। प्रभारी निरीक्षक महराजगंज तराई अशोक कुमार सिंह ने बताया है कि बाइकों को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।