फोटो-25- बलरामपुर के मिर्जापुर गांव में आग लगने से जल रहा मकान। संवाद
महराजगंज तराई। क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर में रविवार शाम पांच बजे अज्ञात कारणों से लगी आग ने पांच परिवारों की गृहस्थी उजाड़ दी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास के कई घर इसकी चपेट में आ गए। मौके पर दमकल नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ग्राम निवासी मजीद ने बताया कि उनके घर में लगी आग में 52 हजार रुपये नगद, करीब एक लाख रुपये के जेवर, कपड़े, अनाज, बर्तन व साइकिल जल गई। वहीं रिजवान के घर में मोटरसाइकिल, मोबाइल, साइकिल, 50 हजार रुपये के जेवर समेत पूरी गृहस्थी राख हो गई। बादशाह के घर में एक लाख रुपये के जेवर, नगदी व घरेलू सामान जल गया। अली हुसैन के यहां छह हजार नगद, 70 हजार के जेवर और गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया। वकील की चारा मशीन व करीब 80 हजार रुपये के जेवर भी आग में स्वाहा हो गए। लेखपाल पीयूष कुमार ने बताया कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।