बलरामपुर। हज यात्रियों को टीकाकरण के दिन टीका लगने से पूर्व स्वास्थ्य टीम को अपनी मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र की छायाप्रति दिखानी होगी। बिना प्रमाणपत्र दिखाए हज यात्री टीकाकरण नहीं करा सकेंगे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत कुमार मौर्य ने बताया कि हज यात्रा पर जाने से पूर्व निर्धारित स्थान पर सभी हज यात्रियों को कई बीमारियों से बचाव के लिए टीका लगाया जाएगा। साथ ही पोलियो वैक्सीन की खुराक भी दी जाएगी।
इसके बाद मेडिकल टीम द्वारा टीकाकरण से संबंधित प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। इस बार हज यात्रियों को अपना मेडिकल स्क्रीनिंग और फिटनेस प्रमाणपत्र पहले से बनवाना होगा। टीकाकरण वाले दिन उसकी फोटो कॉपी टीकाकरण केंद्र पर मौजूद मेडिकल अफसर को दिखाना होगा। इसके बाद फिटनेस प्रमाणपत्र एवं कोविड रिपोर्ट को सरकार के पोर्टल पर अपलोड कराना होगा। (संवाद)