फोटो-43-बलरामपुर में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय से वार्ता करते विधायक राकेश यादव ।-स्रोत
बलरामपुर। राम मंदिर में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के नाम पर कुछ लोग लगातार कमाई कर रहे हैं। पहले सस्ती जमीनें खरीदकर महंगे दामों में बेची गईं और अब चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोप सामने आ रहे हैं। यह गंभीर मामला है, जिसकी उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।
बृहस्पतिवार को सिद्धार्थनगर से लखनऊ जाते समय बलरामपुर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने सपा विधायक राकेश यादव और अन्य पार्टी नेताओं के साथ 15 जून को पचपेड़वा में प्रस्तावित प्रदर्शन की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि भगवान राम के घर में चढ़ावे में भी गड़बड़ी होने लगेगी तो धीरे-धीरे लोगों का धार्मिक संस्थाओं और व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होगा। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को दंडित किया जाना चाहिए।
कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज नहीं बल्कि जंगलराज की स्थिति है। अपराध और अराजकता के कारण न्यायालयों को भी समय-समय पर टिप्पणी करनी पड़ रही है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर विपक्ष को खत्म करने की कोशिश कर रही है।