बलरामपुर/हरैया सतघरवा। बनकटवा जंगल में बृहस्पतिवार को आग लग गई थी, जिसे अब तक बुझाया नहीं जा सका है। आसपास के गांवों में आग फैलने को लेकर दहशत है। दमकल व वन विभाग की टीमें ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुटी हुई हैं। आग फैलने से वन्य जीवों के लिए खतरा बढ़ने लगा है। आग में पेड़-पाैधों के जलने के साथ वनस्पतियों को भारी नुकसान हो सकता है।
सोहेलवा जंगल के बनकटवा रेंज में दो दिन पहले अज्ञात कारणों से आग लग गई। ग्रामीण श्यामजी, अशर्फीलाल, नंदकुमार, आज्ञाराम, अमृतलाल तथा अशोक कुमार आदि लोगों ने बताया कि बनकटवा रेंज के जंगल में दो दिन से आग लगी है। यदि जल्द ही आग पर काबू नहीं पाया गया तो जंगल के किनारे लगी फसल और गांव भी आग की चपेट में आ सकते हैं। तमाम प्रयास के बाद भी जंगल में आग फैलती जा रही है। आग की लपटों में शीशम, साखू व सागौन के पेड़ और तमाम जड़ी-बूटियां भी जल रही हैं। बनकटवा रेंज के रेंजर सत्रोहन लाल ने बताया की मौके पर वन विभाग की टीम दमकल कर्मियों व ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई है। आसपास के ग्रामीणों से भी सहयोग के लिए अपील की गई है।