फोटो-16- बलरामपुर चीनी मिल में आयोजित मॉकड्रिल में बचाव कार्य में लगे कर्मी। स्रोत विभाग
बलरामपुर। आपदा की स्थिति में बचाव तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार को जिले की तीनों तहसीलों में मॉकड्रिल कराया गया। बलरामपुर चीनी मिल के केमिकल डिवीजन में भूकंप के बाद एथनॉल प्लांट में रिसाव और आग लगने की स्थिति का अभ्यास किया गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, अग्निशमन, एसएसबी, पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने प्लांट में फंसे 15 मजदूरों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया।
अभ्यास के दौरान मिल प्रबंधन ने जिला कंट्रोल रूम को सूचना दी। घटना की जानकारी एडीएम वित्त एवं राजस्व संदीप केला को दी गई, जिसके बाद वायरलेस से संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई। डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह और रिसोर्स इंचार्ज सीडीओ हिमांशु गुप्ता ने मौके पर व्यवस्थाओं की निगरानी की। मेडिकल टीम ने प्रभावित लोगों की जांच कर उन्हें संयुक्त चिकित्सालय भेजने का अभ्यास किया। इस दौरान चीनी मिल के अधिकारी-कर्मचारी और अग्निशमन विभाग की टीम मौजूद रही।
तुलसीपुर तहसील भवन में आग से बचाव का अभ्यास कराया गया। उतरौला के मो. यूसुफ उस्मानी इंटर कॉलेज में भूकंप और आग की स्थिति में विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास हुआ। बच्चों को आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
डीएम ने बताया कि बलरामपुर भूकंप की दृष्टि से जोन-4 में आता है। एसडीएम सदर मनोज कुमार, एसडीएम तुलसीपुर हेमंत गुप्ता और एसडीएम उतरौला योगेंद्र शरण शाह को संबंधित क्षेत्रों में मॉकड्रिल की जिम्मेदारी दी गई थी। अपर उपजिलाधिकारी संजय यादव और आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह भी शामिल रहे। इस अवसर पर एएसपी विशाल पांडेय, चीनी मिल के सुरक्षा अधिकारी संजीव मिश्रा, एसीएमओ डॉ. एके चौधरी, एसडीआरएफ, एनसीसी कैडेट, नागरिक सुरक्षा कैडेट और आपदा मित्र मौजूद रहे।