उतरौला। जमीन का बैनामा कराने का भरोसा देकर 12.80 लाख रुपये लेने और रकम लौटाने के लिए दिया गया चेक बाउंस होने के मामले में न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
सीओ डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि मधपुर निवासी उमेश कुमार की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद महमूदनगर निवासी मोहम्मद इबरार अली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उमेश कुमार ने न्यायालय में दिए प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया कि इबरार अली ने अपनी जरूरत बताकर उनसे 12.80 लाख रुपये लिए थे। एक साल के भीतर रकम लौटाने का वादा किया था। ऐसा नहीं होने पर उसने अपनी मां के नाम की जमीन का बैनामा कराने की बात कही थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, उन्होंने चार लाख रुपये बैंक खाते में जमा किए, एक लाख रुपये फोनपे के माध्यम से भेजे और शेष 7.80 लाख रुपये नकद दिए थे।
आरोप है कि रकम वापस मांगने पर इबरार अली ने उन्हें एक चेक दिया। उमेश कुमार ने 23 जुलाई 2024 को चेक बैंक में लगाया, लेकिन 24 जुलाई को हस्ताक्षर बैंक के रिकॉर्ड से मेल नहीं खाने के कारण भुगतान नहीं हो सका। इसके बाद रकम मांगने पर टालमटोल करने और लगातार धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।