बलरामपुर। चरनगहिया-बेलहा गांव में दुर्गा मंदिर के सामने कार की चपेट में आकर जान गंवाने वाले तीन श्रद्धालुओं के परिजनों को रविवार को आर्थिक सहायता दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सदर विधायक पल्टूराम ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और छह घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। विधायक ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
17 अक्तूबर की रात करीब 11 बजे दुर्गा मंदिर में आरती के बाद सड़क किनारे पर्दा लगाकर फिल्म देख रहे ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया था। हादसे में पाटेश्वरी प्रसाद (37), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (37) की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। घटना के बाद मुख्यमंत्री ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए थे।
इसी के तहत रविवार को विधायक ने घायलों दद्दू, सुरेश पांडेय, छेदी, धूपराम, मुकेश कुमार तिवारी और हरि प्रसाद को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। जरूरत के अनुसार उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस दौरान एसडीएम सदर मनोज कुमार सरोज, देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश तिवारी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बंटी मिश्रा, प्रधान राफिरू, पूर्व प्रधान दल बहादुर सिंह, आलोक सिंह, राजस्व विभाग के कर्मचारी और पीड़ित परिवारों के सदस्य मौजूद रहे।
पीड़ित परिवार को चार लाख की सहायता
सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भुसैलवा में नदी में डूबने से हुई दिनेश कुमार उर्फ कुल्लू की मौत के मामले में भी मुख्यमंत्री के निर्देश पर पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आपदा राहत सहायता दी गई। प्रशासन की ओर से शोक संतप्त परिजनों को आर्थिक मदद उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।