बलरामपुर के स्पोटर्स स्टेडियम में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते मुख्य अतिथि।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे बलरामपुर प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का दोनों सेमीफाइनल मैच शनिवार को खेला गया। केबीएफ इटियाठोक व एमबी बहराइच की टीमों ने फाइनल में प्रवेश कर लिया। इटियाथोक के बल्लेबाज मो. आसिफ व बहराइच के बल्लेबाज शाहबाज को ‘मैन आफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को केबीएफ इटियाथोक व एमबी बहराइच के बीच होगा।
टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मैच केबीएफ इटियाथोक और अवध इलेवन उतरौला के बीच हुआ। मुख्य अतिथि ईएनटी सर्जन डॉ. अब्दुल कय्यूम एवं सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य केपी यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया।
टॉस जीतकर इटियाथोक की टीम ने उतरौला की टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उतरौला की टीम ने 15.3 ओवरों में 10 विकेट पर 101 रन बनाए। 102 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केबीएफ इटियाथोक की टीम ने 13.2 ओवरों में तीन विकेट पर 104 रन बनाकर मैच 7 विकेट से जीत लिया। ताबड़तोड़ 35 रनों की पारी खेलने वाले मो. आसिफ को ‘मैन आफ द मैच’ चुना गया।
दूसरा सेमीफाइनल एमबी बहराइच व संतकबीरनगर की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एमबी बहराइच की टीम ने 14 ओवरों में 6 विकेट पर 148 रन बनाए। 149 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी संतकबीरनगर की टीम 115 रनों पर ही आलआउट हो गई। 33 रनों से मैच जीतकर एमबी बहराइच की टीम ने फाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच में 32 बाल पर 69 रनों की पारी खेलने वाले बहराइच के बल्लेबाज शाहबाज को ‘मैन आफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।