बलरामपुर। महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के उदईपुर गांव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत करने से नाराज विपक्षियों ने सफाईकर्मी, उसके भाई व पत्नी को घर में घुसकर पीट दिया। इससे तीनों लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
उदईपुर निवासी राजकुमार ने गांव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर पक्का मकान बनाने वालों की एसडीएम तुलसीपुर से शिकायत करके जांच व कार्रवाई की मांग की थी। इससे नाराज विपक्षियों ने गुरुवार देर रात राजकुमार के घर पर धावा बोल दिया।
विपक्षियों ने राजकुमार, उसके भाई व सफाईकर्मी विजय कुमार और विजय की पत्नी पूनम को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। आसपास के लोगों ने बीचबचाव कराया।
पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी तुलसीपुर पहुंचाया। जहां राजकुमार की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)