बलरामपुर। जिले के सभी 15 कोतवाली व थानों में शनिवार को फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण कराने के लिए समाधान दिवस आयोजित किया गया। उतरौला कोतवाली में डीएम व एसपी ने समाधान दिवस में पीड़ितों की शिकायतेें सुनीं और उनका निस्तारण कराने का निर्देश दिया।
डीएम डॉ. महेंद्र कुमार व एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने अधीनस्थों को निर्देश दिया कि फरियादियों को न्याय दिलाने में कोई कोताही न बरतें। जमीन से संबंधित सभी मामलों में पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर उनका निस्तारण कराएंगी। समय पर शिकायतों का निस्तारण होने से फरियादियों को भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें समय से न्याय मिलेगा।
थाना स्तर व आईजीआरएस सहित अन्य सभी माध्यमों से प्राप्त होने वाले प्रार्थनापत्रों को थाना समाधान दिवस के रजिस्टर पर अंकित करें और दोनो पक्षों को बुलाकर पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम से निस्तारित कराएं। इस अवसर पर एसडीम संतोष कुमार ओझा, सीओ उदय राज सिंह व प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह आदि मौजूद रहे।
कोतवाली गैसड़ी में एडीएम वित्त एवं राजस्व राम अभिलाष व एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनका समय पर निस्तारण कराने का निर्देश दिया। थाना सादुल्लाहनगर, गैड़ास बुजुर्ग, रेहरा बाजार, श्रीदत्तगंज, ललिया, हरैया, महराजगंज तराई, गौरा चौराहा, तुलसीपुर व पचपेड़वा के साथ कोतवाली नगर व देहात और जरवा में भी थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ।