लखनऊ में चल रहा दो अन्य का इलाज, गांव में लगाई गई स्वास्थ्य टीमेंसंवाद न्यूज एजेंसी
गैसड़ी (बलरामपुर)। मौसम बदलते ही बुखार का प्रकोप बढ़ गया है। रतनपुर झिंगहा गांव में बुखार से बीमार एक किशोरी की शुक्रवार को मौत हो गई। वहीं, बुखार से बीमार गांव के दो अन्य युवकों का इलाज लखनऊ में चल रहा है। स्वास्थ्य टीम ने गांव में पहुंचकर इलाज शुरू कर दिया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र क्षेत्र के रतनपुर झिंगहा के मजरा करैली निवासी नीलम (13) पुत्री राम पाल को बृहस्पतिवार को अचानक बुखार आया, जिससे उसकी हालत गंभीर हुई। उसे झटका भी आने लगा। आननफानन उसे बालापुर स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। शुक्रवार सुबह नीलम की मौत हो गई। इसी गांव के दो अन्य युवक एक सप्ताह पूर्व बुखार से पीड़ित हुए थे। दोनों का इलाज लखनऊ में चल रहा है। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि सूचना के बाद स्वास्थ्य टीम को गांव भेजा गया है। घर-घर सर्वे कराया जा रहा है। लोगों की सैंपलिंग लेने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जागरूक किया जा रहा है।