बलरामपुर। चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे संयुक्त जिला चिकित्सालय में अब गर्भवती महिलाओं की परेशानी बढ़ने की आशंका है। अस्पताल में तैनात स्त्री रोग विशेषज्ञ/महिला सर्जन डॉ. मेधावी सिंह मातृत्व अवकाश पर चली गई हैं। ऐसे में अस्पताल में गर्भवतियों को सिजेरियन की सुविधा मिलने में दिक्कत हो सकती है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की ओर से जरूरत पड़ने पर जिला महिला अस्पताल से ऑन कॉल सर्जन बुलाने का दावा किया जा रहा है।
अटल बिहारी वाजपेयी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के अधीन संचालित संयुक्त जिला चिकित्सालय में कई महीनों से सामान्य सर्जन और हड्डी रोग विशेषज्ञ समेत कई पद खाली हैं। इससे मरीजों को इलाज के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्त्री रोग विशेषज्ञ/महिला सर्जन डॉ. मेधावी सिंह की मौजूदगी में गर्भवतियों को जांच, उपचार, सामान्य प्रसव और सिजेरियन की सुविधा मिल रही थी। अब उनके मातृत्व अवकाश पर जाने से गर्भवतियों को जांच और उपचार के लिए परेशानी उठानी पड़ सकती है।
महिला चिकित्साधिकारी (एलएमओ) डॉ. अजय लक्ष्मी ओपीडी में सामान्य महिला मरीजों का उपचार करेंगी, लेकिन गंभीर मामलों में विशेषज्ञ सर्जन की आवश्यकता पड़ने पर समस्या खड़ी हो सकती है। जिला अस्पताल होने के कारण यहां प्रतिदिन 200 से 250 महिला मरीज इलाज के लिए पहुंचती हैं। इनमें करीब 100 से 120 गर्भवती महिलाएं होती हैं। डॉ. मेधावी की मौजूदगी में गर्भवतियों की जांच, उपचार, सामान्य प्रसव और सिजेरियन की सुविधा मिल रही थी। अब उनकी गैरमौजूदगी में गंभीर अवस्था वाली गर्भवतियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
शनिवार को अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचीं बेला गांव की सुमन ने बताया कि वह अपनी गर्भवती बहू को दिखाने आई थीं, लेकिन डॉक्टर नहीं मिलीं। गोविंदपुर की दलपता और जुगुनभरिया की शोभावती भी अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट लेकर अस्पताल में बैठी थीं।
सामान्य सर्जन न होने से साढ़े तीन महीने से बंद है ऑपरेशन
संयुक्त जिला चिकित्सालय में सामान्य सर्जन न होने के कारण करीब साढ़े तीन महीने से सर्जरी ठप है। पूर्व में तैनात सर्जन डॉ. आरडी रमन का जून में गैर जनपद स्थानांतरण हो गया था। इसके बाद से उनके स्थान पर किसी सर्जन की तैनाती नहीं हो सकी है। ऐसे में संयुक्त जिला चिकित्सालय में सामान्य सर्जरी बंद है।
ऑन कॉल मिलेगी सिजेरियन की सुविधा
सीएमएस डॉ. राजकुमार वर्मा ने बताया कि महिला चिकित्साधिकारी ओपीडी में मरीजों को देखेंगी। सिजेरियन की आवश्यकता पड़ने पर जिला महिला अस्पताल से किसी सर्जन को ऑन कॉल बुलाया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से ऑन कॉल सर्जन की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया गया है।