बलरामपुर। देहात कोतवाली के झौहना गांव में मंगलवार की शाम को पिता-पुत्र के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना हुई जब 52 वर्षीय रामनाथ यादव को उनके बेटे उदयभान ने डंडे से पीटकर मार डाला। बेटे की पिटाई से मां प्रेमा देवी को भी चोट लगी है। घटना के बाद से आरोपी बेटा लापता है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक जयदीप दुबे ने बताया कि मंगलवार की शाम उदयभान गांव के किसी व्यक्ति से कर्ज मांग रहा था। मां ने बेटे को कर्ज न लेने की बात कही तो उसने गुस्से में आकर मां की डंडे से पिटाई शुरू कर दी। पिता रामनाथ ने रोका तो बेटे ने उनपर भी डंडे से हमला कर दिया। डंडे के प्रहार से वे बेहोश होकर गिर गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि उदयभान के दो भाई राजेश व प्रमोद उससे बंटवारा कर अलग रहते हैं। घटना में अभी तहरीर नहीं मिली है, मामले की छानबीन की जा रही है।