बलरामपुर के सीएमओ कार्यालय पर नियुक्ति पत्र पाकर खुशी का इजहार करती एएनएम।
बलरामपुर। जिले में संविदा पर तैनात 19 एएनएम के लिए मंगलवार का दिन शुभ रहा। इनको स्थाई नौकरी के लिए सदर विधायक पल्टूराम ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया। संविदा से स्थाई होने पर सभी एएनएम के चेहरे खिल उठे।
इस अवसर पर सदर विधायक ने कहा कि एएनएम की तैनाती होने से गांव की स्वास्थ्य सेवा बेहतर होगी। गर्भवती महिलाएं व बच्चों के साथ सामान्य लोगों को भी बेहतर उपचार मिलेगा। गांव में इलाज की सुविधा मुहैया कराने के लिए प्रदेश सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। सदर विधायक ने एएनएम को स्थाई नियुक्ति देने पर प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने नवनियुक्त एएनएम से गांव में बेहतर चिकित्सकीय सेवा उपलब्ध कराने की अपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती ब्लॉक में इनकी नियुक्ति की गई है। सभी अपने उपकेंद्र पर रहकर मरीजों का उपचार करें। शत-प्रतिशत गर्भवती का अस्पताल में प्रसव और जच्चा-बच्चा का संपूर्ण टीकाकरण करना विभाग का लक्ष्य है। इस अवसर पर एनएचएम के जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, संदीप उपाध्याय व आशू आदि मौजूद रहे।