बलरामपुर। किसानों को बिना खर्च के तीन लाख तक का केसीसी दिया जाएगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को योजना में शामिल किया जाएगा। विकास भवन स्थित जिला कृषि अधिकारी कार्यालय से केसीसी बनवाने का प्रोफार्मा दिया जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार ने सोमवार को जिले के किसानों से दफ्तर से किसी भी कार्य दिवस में प्रार्थना पत्र लेने की अपील की है। प्रार्थना पत्र को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पोर्टल से भी डाउनलोड किया जा सकता है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के सभी लाभार्थियों के किसान क्रेडिट कार्ड बनवाए जाएंगे। केसीसी बनवाने के लिए जिले के सभी बैंक शाखाओं की तरफ से 22 फरवरी तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। किसानों को अपने संबंधित बैंक में दिए गए एक पन्ने का फॉर्म भरना होगा। खसरा व खतौनी के साथ अपने भरे गए फार्म को बैंक में जमा करेंगे।
प्रधानमंत्री सम्मान योजना में आवेदन करने वाले किसानों को भी योजना का लाभ दिलाया जाएगा। केसीसी की ऋण सीमा कम है वे अपना केसीसी लिमिट बढ़ाने के लिए, निष्क्रिय केसीसी को सक्रिय करने या नई केसीसी जारी कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिले के सभी बैंकों को अभियान में शामिल किया गया है। तीन लाख तक की केसीसी पर बैंकों की तरफ से कोई भी शुल्क नहीं लिया जाएगा। पहले से केसीसी बनवाने वाले और वह पशुपालन व मत्स्य पालन करने वाले किसान भी केसीसी बनवा सकते हैं। किसानों को बैंक से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति व जीवन सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना का लाभ भी दिलाया जाएगा।