महाराजगंज तराई (बलरामपुर)। सरयू नहर की माइनरों में पानी न छोड़े जाने से कोहड़ौरा के किसानों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई है। नहर में पानी न आने से सिंचाई के लिए समस्या का सामना करना पड़ता है। किसानों ने नहर में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर अधिकारियों को पत्र भेजा है।
किसान उदयभान वर्मा, भीम प्रकाश, जितेंद्र कुमार, अयोध्या प्रसाद, उदयराज, अख्तर, सलमान, राम गोपाल, कल्लू, स्वामीनाथ आदि का कहना है कि इस मौसम में गन्ना, सब्जी व जानवरों के लिए हरा चारा (चरी) की बोआई की जाती है। इसकी सिंचाई जल्दी-जल्दी करनी पड़ती है। इसके बाद भी क्षेत्र में संचालित सरयू नहर की ओर से माइनरों में पानी न छोड़ने के चलते किसानों को समस्या का सामना करना पड़ता है। तेज धूप में बढ़ते डीजल के दामों के बावजूद किसानों को निजी संसाधन का प्रयोग करना पड़ता है। यही नहीं तालाबों में पानी न होने के चलते जंगली जानवर पानी की तलाश में गांव में घुस जाते हैं।
अधिशासी अभियंता सरयू नहर खंड दिनेश कुमार ने बताया कि पानी की उपलब्धता कम होने के कारण नहर में पानी नहीं छोड़ा गया है। पानी की मांग की गई है। उपलब्ध होते ही माइनरों में पानी छोड़ा जाएगा।