फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: खाद के लिए भड़के किसान, प्रदर्शन कर जाम की सड़क

Fri, 08 Aug 2025 12:18 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
बलरामपुर के अमवा सहकारी समिति के सामने चक्का जाम करते किसान ।-
विज्ञापन
बलरामपुर। जिले के तीन प्रमुख क्षेत्रों में यूरिया खाद का भारी संकट गहराता जा रहा है। धान की फसल के लिए जरूरी समय में किसान एक-एक बोरी यूरिया के लिए सहकारी समितियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन खाद नसीब नहीं हो रही। तराई क्षेत्र, गैड़ास बुजुर्ग और ललिया में हालात इतने बिगड़ गए कि किसानों ने प्रदर्शन तक किया। आरोप है कि जहां आम किसान सुबह से लाइन में खड़े रहते हैं, वहीं चहेतों को रात में गोदाम खोलकर खाद दी जा रही है।
विज्ञापन

कौवापुर सहकारी समिति पर बृहस्पतिवार को 500 से ज्यादा किसान सुबह से लाइन में लगे रहे। यूरिया उपलब्ध होने के बाद भी वितरण नहीं हुआ। किसान मंसाराम यादव, सुरेश, महेश वर्मा समेत कई ने बताया कि खेत सूख रहे हैं, फसल मुरझा रही है, लेकिन यूरिया नहीं मिल रही। उप निबंधक सहकारिता अमरेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार से वितरण की योजना है।
गैड़ास बुजुर्ग क्षेत्र में बृहस्पतिवार को किसानों की भीड़ सुबह पांच बजे से जुटी रही, लेकिन 11 बजे तक समिति का ताला नहीं खुला। महिला व पुरुषों की लंबी लाइनें लगी रहीं। किसान लालमन वर्मा, नवल किशोर, सोना, राजकली, निर्मला, शोभावती ने आक्रोश जताया। गोदाम प्रभारी विजय मिश्रा ने सफाई दी कि उन्हें पांच समितियों का प्रभार है और वे गोवर्धपुर में खाद वितरण कर रहे थे।
विज्ञापन


आरोप लगाकर किया सड़क जाम

ललिया। क्षेत्र में किसानों ने खाद न मिलने पर सहकारी समिति अमवा के सामने सड़क जाम कर विरोध जताया। आरोप लगाया गया कि गोदाम रात 10-11 बजे खोला जाता है और रसूखदारों को महंगे दाम पर खाद दी जाती है। किसान ननकू, रामदुलारी, सुरेश, महेश, रसूला ने बताया कि वे एक हफ्ते से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन एक बोरी खाद तक नहीं मिली। उन्होंने गोदाम प्रभारी मुकेश को हटाने की मांग की है।
रेहराबाजार क्षेत्र की सहकारी समितियों मुबारकपुर और परसिया में यूरिया खाद के लिए किसानों को लंबी-लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि गन्ना और धान में टॉप ड्रेसिंग की जरूरत है, लेकिन समय पर खाद नहीं मिलने से फसल पर असर पड़ सकता है। संवाद

समितियों पर देरी का आरोप
सादुल्लाहनगर। यूरिया खाद की किल्लत से सादुल्लाहनगर क्षेत्र के किसान बेहद परेशान हैं। बृहस्पतिवार को परसिया गोदाम पर हजारों किसान यूरिया के लिए घंटों धूप में खड़े रहे। पुरुषों के साथ महिलाओं की भी अलग कतार थी। सहकारी समितियों पर यूरिया 270 रुपये प्रति बोरी की दर से बिक रही है, लेकिन किसानों का आरोप है कि खाद आने के कई दिन बाद तक वितरण शुरू नहीं होता। वहीं, निजी दुकानदार 320 रुपये प्रति बोरी पर खाद दे रहे हैं और उसके साथ जबरन 80 रुपये की दवा या अन्य सामग्री थमा रहे हैं। किसान अब्दुर्रहमान ने निजी दुकानदारों की मनमानी के खिलाफ प्रशासन से शिकायत की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें