तुलसीपुर। घर के आंगन में घुसे छुट्टा सांड़ से अपनी गाय को बचाने की कोशिश 50 वर्षीय किसान नानक मौर्य की जान पर भारी पड़ गई। बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे सांड़ ने पहले गाय पर हमला किया। उसे बचाने पहुंचे नानक पर सांड़ ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नानक को परिजन देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना महराजगंज तराई क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव की है। परिजनों के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात अचानक एक छुट्टा सांड़ नानक के घर के आंगन में घुस आया। वहां बंधी गाय पर सांड़ ने हमला किया। गाय को बचाने के लिए नानक उसके सामने पहुंच गए। इसी दौरान सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में नानक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। बेटे विनोद ने बताया कि पिता को लेकर तत्काल सीएचसी तुलसीपुर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुजीत ने बताया कि नानक को अस्पताल लाया गया था, लेकिन उनकी पहले ही मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ अभय प्रताप मल्ल ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। मामले की रिपोर्ट थाने से ली गई है।
छुट्टा पशुओं को संरक्षित कराने की मांग
हादसे के बाद गांव में छुट्टा पशुओं को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। गांव के राजाराम, अरविंद और रामदीन ने प्रशासन से छुट्टा पशुओं को संरक्षित कराने की मांग की है। एसडीएम हेमंत कुमार गुप्त ने बताया कि हादसे की जानकारी हुई है। राजस्व निरीक्षक से मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। मृतक के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।
फोटो-30- नानकऊ मौर्य (फाइल फोटो)