बलरामपुर। बारिश के चलते क्षेत्र में सर्पदंश के दो मामले सामने आए हैं। पहले मामले में सर्पदंश से किसान की मौत हो गई। जबकि दूसरे में एक किशोर का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। हरैया थाना क्षेत्र के जंगल से सटे मुरहा गांव में राम गोपाल शुक्ल (60) शुक्रवार की सुबह खेत में धान की बेड़न देखने गए थे। वहीं पर सर्प ने उन्हें डस लिया। इससे उनकी मौत हो गई। ग्राम प्रधान शेषराम यादव ने बताया कि सांप के काटने से गोपाल की हालत गंभीर हो गई, इससे इलाज का मौका ही नहीं मिला। वहीं, भितवरिया कलां गांव निवासी कैलाश मिश्र के 17 वर्षीय पुत्र रवि उर्फ अंतिम मिश्र नित्यक्रिया के लिए बाग में गया था। वहीं, पर उसे सर्प ने डस लिया। प्रधान प्रतिनिधि मनोज कुमार पाठक ने बताया कि परिवार के लोगों ने इलाज के लिए सीएचसी शिवपुरा में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे बहराइच के लिए रेफर कर दिया गया।