बलरामपुर। निरीक्षण के दौरान अस्पताल से गायब पाए गए तीन डॉक्टर सहित लगभग एक दर्जन स्वास्थ्य कर्मियों से सीएमएस ने स्पष्टीकरण मांगा है। अस्पताल में देर से आने वाले डॉक्टरों व कर्मचारियों को नोटिस देते हुए कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश दिया गया है। बिना सूचना के अनुपस्थित पाए जाने पर वेतन काटने की चेतावनी दी गई है।
संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. नानक सरन ने बताया कि उन्होंने बीते दिन अस्पताल के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई डॉक्टर व चिकित्सा कर्मी गायब मिले। अस्पताल में समय से उपस्थित न मिलने पर नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. नगमा खान, डॉ. रश्मि, डेंटल हाइजेनिस्ट कुसुम, फार्मासिस्ट मुन्नालाल व स्टॉफ नर्स सावित्री जायसवाल के अलावा कई चतुर्थ श्रेणी कर्मी व माली को नोटिस दिया गया है।
ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले डॉक्टर व कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए चेतावनी दी गई है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर एक दिन का वेतन काटा जाएगा। सीएमएस ने सभी डॉक्टर व चिकित्सा कर्मियों को कार्यशैली में सुधार करने एवं समय से ड्यूटी पर उपस्थित होने का निर्देश दिया है।