बलरामपुर के पुलिस लाइन में आयोजित बैठक को संबोधित करते अपर पुलिस महानिदेशक ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन ने बुधवार को जनपद की सुरक्षा व कानून व्यवस्था की समीक्षा की। भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। एसपी विकास कुमार ने कहा कि नेपाल सीमा से 15 किलोमीटर के दायरे में सशस्त्र सीमा बल, पुलिस व पीएसी के जवानों से नियमित गश्त कराई जा रही है।
अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि गोष्ठी का उद्देश्य सुरक्षा व कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। उन्होंने जिले में घटित प्रमुख अपराधों, अपराधों के खुलासे, लंबित विवेचनाओं, अभियोजन की प्रगति व अपराध नियंत्रण के प्रयासों की समीक्षा की। आगामी त्योहार होली, रमजान व चैत्र नवरात्र में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था, गश्त, पीस कमेटी बैठकों के आयोजन, संवेदनशील व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की सतत निगरानी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
साइबर अपराधों की रोकथाम, दर्ज प्राथमिकी के जल्द व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, सीसीटीएनएस के माध्यम से चिह्नित अपराधियों की निगरानी व गो-तस्करी से संबंधित मामलों में साक्ष्य संकलन की गुणवत्ता बढ़ाने पर बल दिया। ऑपरेशन शील्ड के तहत प्रभावी कार्रवाई करने, बीट पुलिसिंग प्रणाली को मजबूत करने, लंबित पार्ट विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण, महिलाओं से संबंधित अपराधों और अपहरण के मामलों में संवेदनशील कार्रवाई का निर्देश दिया।