बलरामपुर। पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती समारोह पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें उन्हें नमन करने के साथ याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अटल की कर्मभूमि पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व पीएम की पौत्री अंजलि मिश्रा के साथ ही बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने अटल के सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर भाजपा कार्यालय में आयोजित संगोष्ठी में हिस्सेदारी करते हुए क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी ने कहा कि उनके जैसा महापुरुष सदियों में एक बार ही होता है। कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी के सहयोगी रहे केवल कृष्ण शर्मा, राधेश्याम साहू, पाटेश्वरी प्रसाद गुप्ता, गोवर्धन प्रसाद साहू तथा किशोरी लाल मोदनवाल के साथ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पौत्री अंजली मिश्रा ने भी पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
बताया कि 1957 में जब पूरे देश में कांग्रेस की आंधी चल रही थी, उस समय बलरामपुर की धरा को अपना कर्मक्षेत्र बना कर अटल ने अनूठी मिसाल पेश की थी। जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा कि इसके लिए यहां की जनता की स्मृति में अटलजी हमेशा जीवित रहेंगे। इस अवसर पर सदर विधायक बलरामपुर पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, पूर्व विधायक गैसड़ी शैलेश कुमार सिंह शैलू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नगर पालिका परिसर में अटल जयंती के अवसर पर विचार गोष्ठी एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता डा. राम शंकर द्विवेदी, अध्यक्षता राजेंन्द्र सिंह पक्षकार श्री राम जन्मभूमि, कार्यक्रम संयोजक कमलेश कुमार त्रिपाठी, ओम प्रकाश मिश्रा, रवीन्द्र गुप्त कमलापुरी ने इसका शुभारंभ किया। कवि सम्मेलन में प्रयागराज से आए मनोज गुप्ता, सीतापुर से कवि कमलेश मौर्य मृदुल, बाराबंकी से शिव कुमार व्यास, लखनऊ से प्रख्यात मिश्रा सहित अन्य कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। कवि सम्मेलन का संचालन साधना श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू देव कुमार मिश्र व पूर्व चेयरमैन उतरौला अनूप गुप्त सहित अन्य लोग मौजूद रहे।