बनघुसरी में फैली संक्रामक बीमारी, 12 पीड़ित
-बलरामपुर में पहाड़ी नालों में आई बाढ़ से बिगड़े हालात
-स्वास्थ्य विभाग पर ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही बरतने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
ललिया (बलरामपुर)। बाढ़ प्रभावित गांवों में संक्रामक बीमारियां तेजी से फैलने लगी हैं। पहाड़ी नालों में आई बाढ़ से कई गांवों में बीमारियों ने अपने चपेट में लेना शुरु कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते बीमारियां फैल रही हैं। ललिया थाना क्षेत्र के बनघुसरी गांव में संक्रामक बीमारी से 12 से अधिक लोग पीड़ित है। ग्रामीणों की सूचना पर गांव में स्वास्थ्य टीम भेजकर मरीजों का इलाज कराया जा रहा है।
ललिया थाना क्षेत्र के बनघुसरी निवासी शिव कुमार श्रीवास्तव, पप्पू, मालिकराम व प्रेम नरायन मिश्र आदि ने बीते दिन बताया कि गांव में 12 से अधिक लोग संक्रामक बीमारियों से पीड़ित है। पहाड़ी नालों में आई बाढ़ से संक्रामक बीमारी ने पांव पसार लिया है। प्रशासन की तरफ से कोई उपाय न किए जाने से लोग बीमारी का शिकार हो रहे हैं। गांव के रवींद्र (5), गोविंद (3), सुकई (10), अरमान (2), फरमान (1), अली हमजा (12), प्रीतम (10), ननका (7), मैना (8), कलावती (4), प्राची (5) व जगराम (9) सहित एक दर्जन लोग संक्रामक बीमारी से पीड़ित है। ग्रामीणों की सूचना के दो दिन बाद गांव में स्वास्थ्य टीम भेजकर मरीजों का इलाज कराया जा रहा है। शिवपुरा सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव पांडेय ने बताया कि आशा संगिनी शीला व आशा बहू चर्ली श्रीवास्तव को गांव में तैनात कर दिया गया है। स्वास्थ्य टीम भेजकर मरीजों का इलाज कराया जा रहा है। शीघ्र ही बीमारी पर काबू पा लिया जाएगा। ग्रामीणों को साफ पानी पीने की सलाह दी जा रही है।