बलरामपुर के सीएचसी पचपेड़वा में अधीक्षक को ज्ञापन देते संविदा कर्मचारी। स्रोत संघ
बलरामपुर। पांच प्रतिशत वेतन वृद्धि को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मियों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को जिला मुख्यालय सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया और सीएचसी अधीक्षकों को ज्ञापन सौंपा।
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ कर्मचारी वेतन वृद्धि किए जाने व मानसिक शोषण बंद किए जाने को लेकर दो अप्रैल से ही विरोध जता रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है प्रदेश के सभी जिलों में संविदा कर्मियों को वृद्धि का लाभ मिल गया है, लेकिन बलरामपुर में अधिकारियों की उदासीनता के चलते हम लोग इस लाभ से वंचित हैं।
एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अविनाश विक्रम सिंह, संघ के मंडल महामंत्री सूर्यमणि त्रिपाठी, गणेश चौरसिया, डॉ. ऋषि श्रीवास्तव, डॉ. रुचि पांडेय, सोनू तिवारी आदि ने बताया कि अधिकारी हमारी मांगों को नजरअंदाज कर रहे हैं। अब सात अप्रैल को सीएमओ का घेराव का हड़ताल शुरू की जाएगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीदत्तगंज, शिवपुरा व उतरौला सहत अन्य स्थानों पर ओपीडी खत्म होने के बाद कर्मचारियों ने धरना दिया। सीएचसी अधीक्षकों को मांग पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की।