बलरामपुर। ब्रेकर जलने से जिला मुख्यालय के शहर की बुधवार को सात घंटे बिजली गुल रही है। सुबह के समय बिजली न रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अफसरों व कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर ब्रेकर दुरस्त कराया और विद्युत आपूर्ति बहाल कराने में सफलता पाई। अचानक इनकमिंग व आउटगोइंग तीन ब्रेकर जलने से विद्युत आपूर्ति काफी देर ठप रही।
जिला मुख्यालय के नगर में बुधवार को सुबह तीन बजे अचानक बिजली गुल हो गई। सुबह उठने पर लोगों को बिजली न होने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विभागीय अफसरों ने बताया कि अचानक इनकमिंग व आउटगोइंग तीन ब्रेकर जल जाने से समस्या हुई है। विद्युत विभाग के अफसरों व कर्मियों ने काफी देर तक कड़ी मशक्कत करके पूर्वाह्न 11 बजे पावर सप्लाई बहाल कराई।
बिजली गुल रहने से लोगों को दफ्तर व स्कूल जाने के लिए तैयार होने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एक्सईएन पावर कॉर्पोरेशन सुनील कुमार ने बताया कि जैसे ही बिजली गुल हुई। तत्काल विभागीय अफसरों व कर्मियों को समस्या निराकरण कराने का निर्देश दिया गया। काफी देर तक मेहनत के बाद समस्या का निराकरण कराकर पावर सप्लाई बहाल कराई गई।