बलरामपुर। केबल फाॅल्ट से शहर के छह वार्डों में सोमवार को सात घंटे बिजली गुल रही। बिजली कटौती से करीब 10 हजार लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सोमवार की सुबह करीब छह बजे भंडारखाना फीडर पर भूमिगत केबल जल गई। बिजली कर्मी साढ़े सात बजे तक फाॅल्ट ढूंढते रहे लेकिन सफलता नहीं मिली। काफी देर बाद फाॅल्ट मिलने पर केबल को दुरुस्त करने में आधा घंटे का समय लगा। इसी बीच भगवतीगंज फीडर का जंपर भी उड़ गया, जिससे नगर के खलवा, झंझरा, डिग्री कॉलेज, तुलसीपुर रोड, बड़ा पुल चौराहा, टेढ़ी बाजार, मेजर चौराहा, चौक उत्तर लाइन, बड़ी इमिली व भंडारखाना सहित अधिकांश मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। लोग बिजली आने की प्रतीक्षा करते रहे। टेढ़ी बाजार निवासी अवधेश पांडेय, संतोष, मुकेश कुमार, राकेश कुमार, महेश गुप्ता, अरविंद तिवारी, दिनेश गुप्ता व विकास दुबे आदि ने बताया कि उन्हें आवश्यक कार्य से बाहर जाना था। बिजली न होने से ठंडे पानी से स्नान करना पड़ा। दोपहर एक बजे भगवतीगंज फीडर का जंपर ठीक होने परे बिजली बहाल हो सकी। (संवाद)