फोटो-25- सदर ब्लॉक में स्थित 11 केवी हनुमंतनगर फीडर। स्रोत विभाग
बलरामपुर। जिले में बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग ने अहम कदम उठाया है। स्टीम पावर हाउस से संचालित 11 केवी पूर्वी फीडर पर बढ़ती ओवरलोडिंग को कम करने के लिए नए 11 केवी हनुमंत नगर फीडर को चालू कर दिया गया है। यह फीडर शुरू होने से करीब दो हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
अवर अभियंता, 33/11 केवी स्टीम पावर हाउस, नेम कुमार बाजपेयी ने बताया कि नया फीडर शुरू होने से पूर्वी फीडर की ओवरलोडिंग में लगभग 35 प्रतिशत की कमी आई है। इस सुधार का सीधा लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा, जिन्हें अब अधिक स्थिर और बेहतर ढंग से बिजली आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था आगामी ग्रीष्म और वर्षा ऋतु के दौरान काफी उपयोगी साबित होगी, जब बिजली की मांग बढ़ जाती है। नया फीडर के चलते विद्युत आपूर्ति में बाधाएं कम होंगी और ट्रिपिंग की समस्या में भी कमी आएगी। इसके साथ ही विद्युत उपकेंद्र पर मरम्मत कार्य अब पहले की तुलना में अधिक तेजी और प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
उपखंड अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील किया है कि विभाग की बेहतर सेवाओं का लाभ उठाने के लिए अपने बकाया बिजली बिल को समय से जमा करें। बिजली का ईमानदारी से उपयोग करें, जिससे सभी को सुचारु आपूर्ति मिलती रहे।