बलरामपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था लड़खड़ाने लगी है। कहीं केबल टूटने से पूरा गांव रातभर अंधेरे में डूबा रहा, तो कहीं अघोषित कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी के कारण बिजली लाइनों पर लोड बढ़ गया है, जिससे तकनीकी समस्याएं आ रही हैं। इन्हें दूर करने के लिए कर्मचारी लगातार मरम्मत कार्य में जुटे हैं।
हरैया सतघरवा क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। अजय कुमार मिश्र, दुर्गेश यादव, महेश कुमार, शिवशंकर और प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि महमूदनगर, बरदौलिया और चौधरीडीह फीडरों में तकनीकी खराबी और रोस्टर के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है।
उतरौला क्षेत्र में 20 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे के विपरीत उपभोक्ताओं को केवल 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल रही है। विनोद कुमार, पिंटू श्रीवास्तव, सरोज कुमार और नसीम अहमद ने बताया कि कभी लोकल फॉल्ट, कभी ओवरहीटिंग तो कभी रोस्टर का हवाला देकर घंटों बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है।
तुलसीपुर क्षेत्र में लगातार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राकेश कुमार, अजय कुमार और उर्मिला देवी ने बताया कि रातभर बिजली गुल रहने से उमस भरी गर्मी में जागकर रात बितानी पड़ रही है। बिजली न रहने से पेयजल संकट भी गहरा गया है।
केबल टूटने से 12 घंटे अंधेरे में रहा पेहर गांव
पेहर बाजार। रविवार देर रात पेहर माता मंदिर के पास विद्युत लाइन का केबल टूटकर नीचे गिर गया। केबल गिरते ही तेज चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद पूरे पेहर गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और ग्रामीणों को रातभर अंधेरे में रहना पड़ा। उपभोक्ता मुन्नू, राजू, मोहन, बबलू, सुहेल खान, इरफान, फरमान और गुड्डू ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।