बलरामपुर। तेज हवा व बारिश के कारण बृहस्पतिवार की सुबह बलरामपुर, उतरौला व तुलसीपुर नगर सहित करीब 150 गांवों की बिजली घंटों गुल रही। बिजली गायब रहने से करीब 20 हजार आबादी को असुविधा झेलनी पड़ी। इसके चलते नगर क्षेत्र में पेयजलापूर्ति भी प्रभावित हुई। जिसके कारण लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा।
जिला मुख्यालय में झमाझम बारिश के कारण सुबह 8 बजे से बिजली कट गई। बिजली कटने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह के समय बिजली कटौती होने से लोग पानी को तरस गए। दोपहर करीब 12 बजे बिजली सप्लाई शुरू हो सकी। पचपेड़वा के रजडेरवा, कोहरौड़ा, बंजरिया, मनकापुर, भगवानपुर व शिवपुर सहित 40 गांवों में 12 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही है।
इसी तरह गैसड़ी, हरैया सतघरवा, ललिया, मथुरा बाजार व रेहरा बाजार क्षेत्र में भी 100 से अधिक गांवों में बारिश के चलते घंटों बिजली कटौती की गई। उतरौला में लोकल फाॅल्ट के कारण करीब दो घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस संबंध में एक्सईएन पावर कार्पोरेशन विद्युत बाल कृष्ण ने बताया कि आंधी व बारिश के चलते कुछ पोल व ट्रांसफाॅर्मर खराब हो गए थे, जिसकी मरम्मत कराकर बिजली आपूर्ति शुुरू करा दी गई है।